सुल्तानपुर। समाज कल्याण विभाग इस बार 400 कन्याओं के हाथ पीले कराएगा। इसके लिए विभाग को सामूहिक विवाह के लिए 100 व व्यक्तिगत शादी अनुदान का तीन सौ का लक्ष्य मिला है। सामूहिक विवाह के आयोजन ब्लॉकों में आयोजित होंगे।
शासन ने कमजोर वर्ग की बेटियों की शादी के लिए सामूहिक विवाह व व्यक्तिगत शादी अनुदान का लक्ष्य चालू वित्तीय वर्ष के लिए जारी कर दिया है। पहली किस्त में शासन ने 100 सामूहिक विवाह व 300 व्यक्तिगत शादी अनुदान का लक्ष्य दिया है।
व्यक्तिगत शादी अनुदान में शासन ने 100 सामान्य वर्ग व 200 अनुसूचित जाति की कन्याओें की शादी के अनुदान का लक्ष्य दिया है। विभाग के मुताबिक आवेदन व्यक्तिगत शादी अनुदान की धनराशि लाभार्थी के खाते में भेजी जाएगी, जबकि सामूहिक शादी का कार्यक्रम ब्लॉकों में आयोजित किया जाएगा।
शासन से लक्ष्य मिलने पर समाज कल्याण विभाग ने इसकी सूचना ब्लॉकों पर भेजते हुए शादी के लिए पंजीकरण कराने का निर्देश दिया था। विभाग के मुताबिक आयोजन के लिए ब्लॉकों से धनराशि की मांग आने लगी है।
सामूहिक विवाह में प्रत्येक जोड़े पर 51 हजार होंगे खर्च
सामूहिक विवाह के आयोजन के लिए प्रत्येक जोड़े की शादी पर शासन की ओर से 51 हजार रुपये खर्च की व्यवस्था की गई है। इसमें कन्याओं के खाते में भेजी जाने वाली धनराशि समेत आयोजन पर खर्च की जाने वाली धनराशि व वर-वधू को दिए जाने वाले सामान की राशि भी शामिल है। व्यक्तिगत शादी अनुदान में लाभार्थी को 20 हजार रुपये दिए जाते हैं।
सामूहिक विवाह का आयोजन कराने के लिए ब्लॉकों को सूचना भेजी गई थी। ब्लॉकों से धनराशि की डिमांड आने लगी है। जिन विकास खंडों से डिमांड आ रही है, वहां धनराशि भेजने की प्रक्रिया चल रही है। - आरवी सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी।