सुल्तानपुर। बोर्ड परीक्षा की तारीखें घोषित होते ही छात्र-छात्राएं तैयारी में जुट गए हैं। स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई की रफ्तार तेज हो गई है। अब विद्यार्थी पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ डिजिटल माध्यमों की मदद ले रहे हैं। छात्र-छात्राएं यूट्यूब पर विषयवार लेक्चर देखकर कठिन टॉपिक समझ रहे हैं। इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध एजुकेशनल पेजों को फॉलो कर महत्वपूर्ण नोट्स, शॉर्ट ट्रिक्स और परीक्षा से जुड़ी उपयोगी जानकारियां प्राप्त कर रहे हैं।
छात्र-छात्राएं विभिन्न एप और वेबसाइटों के जरिए ऑनलाइन टेस्ट सीरीज और प्रैक्टिस क्विज में हिस्सा लेकर अपनी तैयारी का आंकलन कर रहे हैं। इससे उन्हें अलग-अलग प्रश्न पैटर्न की जानकारी मिल रही है, जो परीक्षा में काफी सहायक साबित हो रही है। नियमित ऑनलाइन टेस्ट के जरिये विद्यार्थी अपनी कमजोरियों को पहचान कर उनमें सुधार कर रहे हैं और साथ ही जरूरी नोट्स भी तैयार कर रहे हैं। कक्षा 10 की छात्रा अंजली ने बताया कि ऑनलाइन टेस्ट सिरीज से काफी फायदा हो रहा है। इससे हमें पता चल रहा है कि हम कहां कमजोर हैं। कितनी तैयारी करनी इसका आकलन हो रहा है, जहां हम कमजोर हैं, वहां ज्यादा तैयारी कर रहे हैं।
122 केंद्रों पर 76,694 विद्यार्थी देंगे परीक्षा
जिले में इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए कुल 76694 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इसमें हाईस्कूल के 40,122 और इंटर मीडिएट के 36,572 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनके लिए जिन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, वहां अध्ययनरत छात्राओं को स्वकेंद्र की सुविधा दी जाएगी। वहीं, जिन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है, वहां के छात्र-छात्राओं को नजदीकी परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। परीक्षा केंद्रों की सूची बोर्ड को भेज दी गई है। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने की तैयारियां चल रही हैं। -सूर्य प्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक।