सुल्तानपुर। पिता की हत्या के मामले की पैरवी कर रहे विधि छात्र को आरोपी पक्ष की ओर से धमकी दिए जाने और पुलिस में शिकायत के बावजूद प्राथमिकी दर्ज न करने के मामले में सीजेएम कोर्ट ने एसओ जयसिंहपुर को तलब किया है। अदालत ने हत्याकांड से संबंधित अभिलेखों के साथ उन्हें 12 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आदेश दिया है।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी विधि छात्र आयुष पांडेय ने कोर्ट में अर्जी देकर आरोप लगाया कि उनके पिता बालमुकुंद पांडेय की हत्या के मामले में पैरवी करने पर उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने दोस्तपुर थाने के एसओ नारदमुनि सिंह और एसआई कृष्णपाल सिंह पर शिकायत के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है। आयुष के मुताबिक 31 जुलाई को उनके पिता की हत्या की साजिश रची गई थी। एक अगस्त को जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सपाही स्थित निर्माणाधीन पुल के पास पिता का शव और मोटरसाइकिल मिली थी।
उन्होंने आद्या प्रसाद पांडेय, सर्वेश पांडेय और विपिन पांडेय समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वादी का आरोप है कि 21 अगस्त को गोसैसिंहपुर से लौटते समय विपिन पांडेय ने रास्ते में रोककर विवाद किया और जान से मारने की धमकी दी। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान हत्याकांड से जुड़े अभिलेख तलब करते हुए विवेचक रहे एसओ जयसिंहपुर विवेक कुमार राय को उपस्थित होने का निर्देश दिया है।