मोतिगरपुर। दियरा बाजार स्थित बघैला नाले के पास रविवार रात बाइक से घर जा रहे सराफा व्यवसायी पर हुए जानलेवा हमले के दूसरे दिन भी हमलावरों का पता पुलिस नहीं लगा सकी है। पीड़ित के मामा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी के निर्देश पर वारदात के खुलासे के लिए छह टीमें लगाई गई हैं।
नानेमऊ निवासी सराफा कारोबारी विशाल बरनवाल की लंभुआ के शाहगढ़ (कुटियवा) बाजार में आभूषण की दुकान है। रविवार रात दुकान बंद कर वह बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में दियरा बाजार स्थित बघैला नाले के पास उन पर एक सफेद कार पर सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया था।
हमलावरों ने पहले कारोबारी की बाइक में कार से टक्कर मारी और फिर विवाद के दौरान एक हमलावर ने धारदार औजार से उनकी छाती पर वार कर दिया। घटना के समय उनके पीछे आ रहे उनके चचेरे भाई सुमित बरनवाल ने तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी थी। गंभीर रूप से घायल विशाल को मेडिकल कॉलेज से लखनऊ के केजीएमयू रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
घटना की जानकारी मिलने पर देर रात एसपी चारू निगम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया था। अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए स्वाट टीम को भी लगाया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घायल के मामा राजीव चंद्र की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।