मोतिगरपुर। लखनऊ–बलिया हाईवे पर मोतिगरपुर थाने के सामने बृहस्पतिवार दोपहर जीप और ई रिक्शा की भिड़ंत होने से ई रिक्शा चालक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर पहुंचाया गया, वहां से दो लोगों को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया।
कैथवारा निवासी ई रिक्शा चालक बहरइची पाल (55) बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे काछा भिटौरा के बहरिया पुरवा निवासी बीसी सखी रीना (23), शाहपुर लपटा निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुशीला देवी (55), खेमाजितपुर निवासी पूनम चौहान (34), जयसिंहपुर की शिखा सिंह (32), उनके पुत्र आरभ सिंह (12) के साथ ई रिक्शा लेकर मोतिगरपुर के लिए निकले। थाने के पास जीप से ई रिक्शा सामने से टकरा गया। दुर्घटना में ई रिक्शा पलटकर सड़क किनारे जा गिरा। ई रिक्शा सवार सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना में जीप का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
जीप लेकर चालक भाग निकला। स्थानीय लोगों ने घायलों को सीएचसी मोतिगरपुर पहुुंचाया गया। वहां से ई रिक्शा चालक बहरइची पाल व शिखा सिंह को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। मोतिगरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी है, तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।