सुल्तानपुर। विधानसभा की मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में अन्य की तरह नवविवाहिताओं को भी सिर्फ एक जगह से फॉर्म भरना होगा। ससुराल पक्ष के आवास से आवेदन करने पर भी नवविवाहिताओं को अपने पति, सास, ससुर के बजाय पिछले एसआईआर के कॉलम में मायके के माता-पिता का नाम व विवरण देना होगा।
माता-पिता के नहीं हाेने पर किसी संबंधी का नाम भरना होगा। मौजूदा कॉलम में पति का विवरण दिया जाएगा।
आयोग की ओर से जारी मतदाता सूची में नाम होने की स्थिति में नवविवाहिताओं को एसआईआर फॉर्म उपरोक्त तरीके से भरना होगा। अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव शुक्ल ने बताया कि यदि नवविवाहिता पूर्व में मतदाता नहीं थी तो उन्हें नौ दिसंबर के बाद नया वोटर बनने के लिए आवेदन करना होगा। इसमें भी माता-पिता व पति का विवरण देना होगा। फॉर्म छह में कॉलम बने रहेंगे।
बताया कि सत्यापन के बाद अंतिम मतदाता सूची में नए वोटरों के नाम जोड़े जाएंगे। एसआईआर का फॉर्म भरवाकर जमा कराया जा रहा है। चार दिसंबर तक अपना फार्म मतदाताओं को बीएलओ के पास जमा करना होगा। नौ दिसंबर को विधानसभा की अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
शिविरों में भराए जा रहें एसआईआर फॉर्म
एसआईआर का फॉर्म भरवाने व उसे जमा कराने के लिए शहर समेत ग्रामीण क्षेत्राें में शिविर लगाए जा रहे हैंं। इसमें बीएलओ व राजनीतिक दलों के बीएलए की ओर से आवेदकों की मदद की जा रही है। बुधवार को शहर के सभी बूथों पर शिविर लगाए गए। एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी ने शिविरों का जायजा लिया। नवीपुर के डिहवा में लगे शिविर में सपा अधिवक्ता सभा के प्रदेश सचिव अशोक सिंह बिसेन व अन्य ने मतदाताओं का फॉर्म भराने के बाद बीएलओ के पास जमा कराया।
इनसेट
छह बीएलओ को दिया गया प्रशस्ति पत्र
सुल्तानपुर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में अच्छा कार्य करने वाले बीएलओ को डीएम के निर्देश पर प्रोत्साहित किया जा रहा है। बुधवार को लंभुआ तहसील में गणना प्रपत्र के वितरण एवं उनकी फीडिंग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह बीएलओ को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम गामिनी सिंगला ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में रामभवन (रोजगार सेवक), जयप्रकाश यादव (शिक्षा मित्र), कन्हईराम मौर्या (रोजगार सेवक), तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुषमा देवी व रेखा देवी, लालती देवी शामिल हैं।