सुल्तानपुर। विदेश में रह रहे देश के नागरिक भी विधानसभा निर्वाचक नामावली में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग की ओर से फॉर्म छह ए भराया जा रहा है। विदेशों में रहने वाले लोग इस फॉर्म को भर सकते हैं।
फॉर्म भरने के साथ ऐसे लोगों को विदेश मंत्रालय से जारी पासपोर्ट व वीजा, स्वयं के साथ माता-पिता के जन्मतिथि, जन्म स्थल प्रमाणपत्र सहित अन्य जरूरी अभिलेख उपलब्ध कराना होगा। फॉर्म के साथ लगाए गए इन अभिलेखों के सत्यापन के बाद विदेश में रह रहे देश के नागरिक मतदाता बन सकेंगे। नए मतदाता बनाने के लिए फॉर्म भराए जा रहे हैं।
रविवार को छुट्टी के बाद भी काफी संख्या में बीएलओ अपने क्षेत्रों में सर्वे व फॉर्म भराने के कार्य में लगे रहे। मोतिगरपुर, कादीपुर, अखंडनगर, कुड़वार सहित अन्य जगहों पर फाॅर्म भराए जाते रहे। अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव शुक्ल ने बताया कि विदेश में रह रहे देश के नागरिक विधानसभा के मतदाता बन सकते हैं। इसके लिए फॉर्म छह ए भराए जा रहे हैं। छह मार्च तक अभियान चलेगा। इस दौरान अनंतिम मतदाता सूची की जांच जारी रहेगी।