सुल्तानपुर। सहायक अध्यापक बनाने समेत कई मांगों के समर्थन में सोमवार को शिक्षामित्रों ने जिले के सभी बीआरसी पर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सरकार यदि हमारी मांगें नहीं मानती है तो हम सभी एकजुट होकर आंदोलन करेंगे।
आदर्श शिक्षामित्र एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह कुशवाहा व महामंत्री उमेश पाण्डेय के आह्वान पर शिक्षक संघ, शिक्षामित्र व अनुदेशक संगठन के पदाधिकारियों ने संयुक्त बैनर तले प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा कि सभी शिक्षामित्रों को सरकार अध्यादेश लाकर सहायक अध्यापक बनाए। साथ ही अध्यादेश प्रक्रिया पूर्ण होने तक समान कार्य समान वेतन, महिलाओं को उनकी ससुराल/निकटतम विद्यालयों में स्थानांतरण, मूल विद्यालय, निकटतम विद्यालयों में समायोजन, मृतक शिक्षामित्रों के परिवार को नौकरी व आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। इस मौके पर आदर्श शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश चन्द्रा, अमरपाल व रवीन्द्र प्रताप सिंह, उमाशंकर तिवारी, महामंत्री प्रदीप यादव, रमाकांत तिवारी आदि मौजूद रहे।
बल्दीराय में विभिन्न समस्याओं को लेकर शिक्षामित्रों ने खण्ड शिक्षा अधिकारी बल्दीराय रोजी सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर जगध्यान यादव वेद प्रताप सिंह, राज बक्श मौर्या, निर्भय सिंह, राम कल्प गुप्ता आदि मौजूद रहे। कादीपुर में शिक्षामित्रों ने बीईओ को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर लक्ष्मण सिंह, पंकज कुमार सिंह, चिंतामणि, अनिल यादव, सुशीला वर्मा, रीता चतुर्वेदी, रेनू प्रजापति आदि मौजूद रहे ।