सुल्तानपुर। जिले में जारी भीषण गर्मी के दौरान शनिवार को दोपहर बाद दो उपकेंद्र को जोड़ने वाली लाइन का केबल बॉक्स फुंक गया। एक फीडर के ट्रांसफार्मर का तेल गिरने से वह खराब हो गया। दोपहर बाद तीनों फीडरों के बंद होने से पांच घंटे तक करीब 50 हजार आबादी उमस से बेहाल रही।
शहर के डाकखाना उपकेंद्र के राजकीय फीडर के ट्रांसफार्मर का ओवरलेाडिंग से दोपहर बाद तेल रिसाव हो गया। इसकी वजह से आपूर्ति ठप हो गई। शाॅर्ट सर्किट से करीब 33 हजार वोल्ट की आपूर्ति बंद होने से आधा घंटे तक पूरा उपकेंद्र बंद रहा। इसके बाद 33 हजार वोल्ट की लाइन चालू हो गई, लेकिन राजकीय फीडर नहीं चल सका। इसके बाद इंजीनियर उसमें तेल डालकर चार्ज करने में जुट गए।
रात करीब साढ़े आठ बजे के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। इसकी वजह से राजकीय फीडर से जुड़ी करीब 15 हजार आबादी परेशान रही। जेई धर्मनाथ प्रसाद ने बताया कि रविवार की रात में ओवरलोडिंग की वजह से कुछ दिक्कत आई थी।
केबल बॉक्स फुंकने से पांच घंटे बंद रहे दो फीडर
दूबेपुर (सुल्तानपुर)। सोमवार की शाम0 ट्रांसपोर्टनगर उपकेंद्र के कांशीराम फीडर का केबल बॉक्स फुंकने से घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही। इसकी वजह से हजारों उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में मुसीबत झेलनी पड़ी। देर शाम तक बिजली कर्मियों की टीम खामी दुरुस्त करने में जुटी रही।
पयागीपुर चौराहे के निकट हनुमंतनगर में लखनऊ-वाराणसी हाईवे के किनारे स्थित कांशीराम फीडर के केबल बॉक्स में नमी के चलते शार्ट सर्किट होने लगी। इससे करीब दो बजे भूमिगत बाॅक्स फुंक गया और फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई। इस खामी को ठीक करने के लिए बगल से एक ही पोल से गुजरी साउथ फीडर की आपूर्ति भी बंद करनी पड़ी। जिससे अमहट, गोराबारिक, तुराबखानी, अंकारीपुर, दूबेपुर, दादूपुर, दिखौली, बहलोलपुर, लौहर, बैजापुर, भाईं, लाखीपुर, रसूलपुर, बहादुरपुर, रामापुर, सराय, जिलल्वा, पूरे अजमत गांवों व कांशीराम काॅलोनी, केंद्रीय विद्यालय की बिजली गुल रही। अवर अभियंता जियालाल ने बताया कि रात नौ बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।