खुर्शीद क्लब के बाहर मौजूद नवनिर्वाचित अध्यक्ष शारदा प्रसाद मिश्र (दाएं) व महासचिव सूर्यनाथ याद
सुल्तानपुर। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में शारदा प्रसाद मिश्र अध्यक्ष चुने गए। सूर्यनाथ यादव महासचिव पद पर निर्वाचित हुए। निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए।
अध्यक्ष पद पर शारदा प्रसाद मिश्र को 502 मत मिले। उन्होंने अपने निकटतम उम्मीदवार अखिलेश शुक्ल को 112 मतों से हराया। महासचिव पद पर सूर्यनाथ यादव ने 549 मत प्राप्त किए। उन्होंने जयंत मिश्र को 220 मतों के अंतर से पराजित किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर करुणा शंकर पांडेय ने हारून अहमद को 266 मतों से हराया। उपाध्यक्ष पद पर शालिनी तिवारी ने संगीता मौर्या को 111 मतों से हराकर जीत दर्ज की। मतगणना बृहस्पतिवार को खुर्शीद क्लब मैदान में कड़ी सुरक्षा के बीच हुई। शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने पर जिला जज सुनील कुमार, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल का आभार जताया गया। विजयी प्रत्याशियों की जीत पर उनके समर्थकों ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाए, मिठाइयां बांटी और खुशी जाहिर की।
अन्य पदों पर भी हुए चुनाव
सहसचिव पुस्तकालय पद पर अमित कुमार मिश्र विजयी रहे। सहसचिव प्रशासन शोभावती और सहसचिव खुर्शीद क्लब शिवबहादुर मौर्य चुने गए। वरिष्ठ कार्यकारिणी के तीन अनारक्षित सदस्य ध्रुव कुमार पांडेय, राजकुमार गौड़ और अनीस अहमद बने। कनिष्ठ कार्यकारिणी के तीन अनारक्षित सदस्य रामभवन मौर्य, रोमेश पांडेय, नीरज शुक्ल और एक आरक्षित पद पर नीतू यादव विजयी हुईं। ट्रेजरार (कोषाध्यक्ष) पद पर शशी सिंह और वरिष्ठ कार्यकारिणी के एक आरक्षित पद पर सरोज सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए।