जयसिंहपुर। कटका क्लब सामाजिक संस्था की ओर से बुधवार को सुभाष इंटर कॉलेज पलिया में यातायात माह के अंतर्गत ‘ एंबुलेंस को रास्ता दें’ अभियान का आयोजन किया गया। प्रदेश प्रभारी ऋषभदेव शुक्ल ने कहा कि एंबुलेंस में अक्सर किसी गंभीर रूप से बीमार या घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया जाता है। हर क्षण बहुमूल्य होता है। एंबुलेंस के रास्ते में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं डालनी चाहिए।
जो व्यक्ति एंबुलेंस का रास्ता रोकता है या साइड नहीं देता, उसे छह महीने की जेल और 10 हजार रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। संस्था के अध्यक्ष सौरभ मिश्र विनम्र ने कहा कि एंबुलेंस ड्राइवर लगातार साइड मांगने के लिए हार्न बजाते हैं। फिर भी कई लोग लापरवाही बरतते हैं। इस मौके पर प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह, संजय सिंह, बृजेंद्र मिश्र, रवि प्रकाश शुक्ल, डॉ. जितेंद्र कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।