सुल्तानपुर। जिले के करौंदीकलां विकास खंड के मगरसनकलां गांव निवासी एक परिवार के पांच लोगों सहित जिले में सात कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। फैसिलिटी सेेंटर पर कार्यरत एक सफाई कर्मी भी संक्रमित पाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मरीजों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया है। दो मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।
डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने रिपोर्ट जारी की है। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि बताया कि 17 जून को भेजे गए 111 सैंपलों की जांच रिपोर्ट शुक्रवार को मिली है। इसमें सात कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
इसमें करौंदीकलां विकास खंड के मगरसनकलां गांव का एक परिवार 15 जून को महानगरी ट्रेन से प्रयागराज पहुंचा था। प्राइवेट कार से 16 जून को परिवार के लोग घर पहुंचे। जांच में एक बुुजुर्ग, एक 35 वर्षीय महिला, एक युवती, एक युवक व एक बच्ची पॉजिटिव पाई गई है।
फैसिलिटी सेंटर केएनआईपीएसएस फरीदीपुर में कार्यरत दूबेपुर के सेमरघाट निवासी एक सफाई कर्मी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। दिल्ली से प्राइवेट कार से 14 जून को घर पहुंचे कूरेभार के पुरुषोत्तमपुर निवासी एक अधेड़ भी पॉजिटिव मिला है।
सांस लेने में तकलीफ होने पर अधेड़ को केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया है। छह संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराते हुए इलाज शुरू करा दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि सात की रिपोर्ट आने के बाद जिले में संक्रमितों की संख्या 159 हो गई है।
दो की रिपोर्ट निगेटिव आने पर एक्टिव केसों की संख्या 66 हो गई है। निगेटिव पाए गए दोनों मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। अभी तक जिले में 92 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं जबकि एक की मौत हो चुकी है।