कुड़वार। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत शनिवार दुकानों पर नवंबर माह के वितरण का कार्य शुरू किया गया। कुड़वार कस्बा, अझुई, अगई, बेला पश्चिम, बबुरी, नरही, भंडरा परशुरामपुर, रवनिया पश्चिम न्याय पंचायत में राशन लेने दुकानों पर पहुंचे कार्डधारकों को सर्वर की समस्या से परेशान होना पड़ा।
कोटेदारों ने कार्डधारकों को बताया कि ई-पॉस मशीनें ऑन करने के बाद उसमें नेटवर्क नहीं शो कर रहा था। इस वजह से सत्यापन व राशन वितरण का कार्य नहीं किया जा सकता है। ग्रामीण राजकुमार, रीता देवी, शंकुतला, श्यामा देवी ने आरोप लगाया कि हर माह यही समस्या होती है। काफी इंतजार करने के बाद उन्हें लौटना पड़ा। पूर्ति निरीक्षक मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि तकनीकी समस्या आने से राशन वितरण का कार्य प्रभावित हुआ। प्रकरण की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश कुमार मौर्य ने बताया कि शुरुआती दिनों में पॉस मशीनों में सर्वर की समस्या उत्पन्न होना सामान्य बात है। इसकी शिकायत एनआईसी में दर्ज करवा दी गई है। (संवाद)