बल्दीराय (सुल्तानपुर)। एसडीएम महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को बल्दीराय ब्लॉक के कस्तूरबा विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के पठन-पाठन और आवासीय व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। भोजन की गुणवत्ता ठीक न होने पर नाराजगी जताई।
सोमवार को निरीक्षण में पहुंचे एसडीएम ने शिक्षकों से कहा कि छात्राओं को अच्छी शिक्षा दी जाए। बच्चों के व्यक्तित्व विकास पर ध्यान दें। इसके बाद उन्होंने रसोई में पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता देखी। भोजन और सामग्री की गुणवत्ता ठीक न होने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई।
परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था व विद्यालय भवन की स्थिति का जायजा लेने के बाद एसडीएम ने बाल विकास परियोजना कार्यालय का भी निरीक्षण किया। कार्यालय में अनियमितता मिलने के साथ ही कई कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान एक मात्र प्रधान सहायक भानु प्रताप सिंह ही मौजूद मिले जबकि अन्य कर्मचारी गैरहाजिर थे।