भदैंया (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र कोतवाली देहात के माधवपुर कुछमुछ गांव में सोमवार दोपहर ग्रामीणों ने कुएं में एक वृद्ध का शव देखा। सूचना पर पहुंची फायर टीम ने कुएं में उतरकर शव को बाहर निकाला जिसकी शिनाख्त गांव निवासी वृद्ध के रूप में की गई। परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
माधवपुर कुछमुछ गांव निवासी रमाकांत पांडेय का परिवार प्रतापगढ़ के अंतू के पास रहता है। पखवाड़े भर पहले उनकी पत्नी, बेटे और बहू के पास गई थीं। घर पर रमाकांत पांडेय अकेले ही थे। सोमवार दोपहर घर के बगल ही स्थित कुएं में ग्रामीणों ने शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को कुएं में जहरीली गैस होने का आभास हुआ तो फायर टीम को सूचना दी गई।
इसके बाद जिला मुख्यालय से फायर टीम मौके पर पहुंच गई। फायर मैन सागर सिंह, भरत लाल तिवारी व अभिषेक रघुवंशी ने कुएं में उतरकर शव को बाहर निकाला जिसकी शिनाख्त रमाकांत पांडेय के रूप में की गई।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना उनके बेटे और पत्नी को दी। सूचना के बाद गांव पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। एसओ कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का पता चलेगा। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।