सुल्तानपुर। जिले के परिषदीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों में बच्चों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलेगा। अगस्त माह में स्वास्थ्य विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त अभियान के तहत टिटनेस, डिप्थीरिया और काली खांसी से बचाव के लिए टीके लगाए जाएंगे। इसे बाद 18 से 28 अगस्त तक खसरा-रूबेला (एमआर) टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अभियान की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। अभियान सभी 14 विकास खंडों के परिषदीय, सहायता प्राप्त विद्यालयों, मदरसों और आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित होगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, बीएसए और जिला विद्यालय निरीक्षक विद्यालयवार माइक्रोप्लान तैयार करेंगे।
पहले चरण में पांच से छह वर्ष के बच्चों को लगेगा टीका
पहले चरण में तीन, चार, छह और सात अगस्त को पांच से छह वर्ष के बच्चों को टीडीएपी-2, 10 वर्ष के बच्चों को टीडी-10 और 16 वर्ष के बच्चों को टीडी-16 की अतिरिक्त खुराक दी जाएगी। दूसरे चरण में 18 से 28 अगस्त तक पांच से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एमआर वैक्सीन की अतिरिक्त डोज दी जाएगी। प्रत्येक टीकाकरण सत्र में तय लक्ष्य के अनुसार बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। हर विद्यालय में एक नोडल शिक्षक नामित किया जाएगा। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और शिक्षक पात्र बच्चों की सूची तैयार करेंगे।