सुल्तानपुर। करीब 100 दिन की बंदी के बाद परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के ताले खुले। पहले दिन परिसर व कक्षों की साफ-सफाई के साथ नए नामांकन का कार्य किया गया।
अधिकतर विद्यालयों में पहले से सूचना देने के बाद भी सफाई कर्मी नहीं पहुंचे। रसोइया व चतुर्थ श्रेणी कर्मी विद्यालय परिसर की सफाई में लगे रहे।
लगभग 100 दिन स्कूल बंद रहने की वजह से परिसर में झाड़ियां उग आई थीं। कुछ विद्यालयों में बरसात की वजह से पानी भी जमा हुआ था। कुछ जगहों पर कक्षों में छत से पानी टपक कर भरा था। परिसर में गंदगी और कक्षों की सफाई में कर्मचारियों के पसीने छूट गए।
पहले दिन अधिकतर विद्यालयों में नामांकन का काम शुरू किया गया। जागरूक अभिभावक खुद अपने पाल्यों को लेकर प्रवेश कराने स्कूल पहुंचे।
बीएसए दीवान सिंह यादव ने धनपतगंज के सरैयामाफी व नादा, बल्दीराय के दुर्गापुर, दूबेपुर के प्राथमिक विद्यालय चुनहा एवं जुड़ैया पूरब समेत कई विद्यालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही नामांकन अभियान को एक से चार जुलाई तक प्रमुखता से संचालित कराने का निर्देश दिया।
पहले दिन 11 बच्चों का नामांकन
मोतिगरपुर विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय छेदुवारी में पहले दिन 11 बच्चों का नामांकन किया गया। प्रधानाध्यापक खेताऊ यादव ने बताया कि परिसर की सफाई के लिए एक दिन पहले ही व्यवस्था की गई थी। सभी कक्षों एवं विद्यालय परिसर को सैनिटाइज कराया गया था।
विशेष नामांकन अभियान में सभी शिक्षकों के सहयोग से पिछले वर्ष की तुलना में अधिक प्रवेश कराने का लक्ष्य रखा गया है। विद्यालय के सेवित क्षेत्र में कोई भी बच्चा प्रवेश से वंचित नहीं रहे इसके लिए हर संभव प्रयत्न किया जाएगा।
रसोइयों ने की परिसर की सफाई
कुड़वार कस्बे में मौजूद कंपोजिट विद्यालय में साफ-सफाई के लिए सफाई कर्मी नहीं पहुंचे। विद्यालय में आवारा पशु डेरा जमाए हुए थे। विद्यालय की रसोइयों ने परिसर की गंदगी व घास-फूस को साफ किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सावित्री देवी ने बताया कि पहले दिन केवल चार नामांकन हुए हैं। जल्द ही नामांकन की गति को बढ़ाया जाएगा। विशेष नामांकन अभियान में सभी शिक्षकों व अभिभावकों का सहयोग लिया जाएगा।
अभिभावकों से चर्चा के साथ हुई शुरुआत
मोतिगरपुर विकास खंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पारसपट्टी प्रथम में पहले दिन शेष छात्र-छात्राओं को राशन वितरण कराया गया। ऑनलाइन पढ़ाई के लिए प्रेरणा साथी बनाने को लेकर अभिभावकों से चर्चा की गई।
प्रधानाध्यापक राम सिंह ने बताया कि पहले दिन चार बच्चों का नामांकन किया गया। प्रेरणा लक्ष्य आधा दर्जन अभिभावकों के मोबाइल पर डाउनलोड कराया गया। परिसर की झाड़ियों को साफ कराने के साथ दवा का छिड़काव किया गया।
माध्यमिक विद्यालयों में भी शुरू हुआ दाखिला
जिले के माध्यमिक विद्यालय भी बृहस्पतिवार से खोले गए। विद्यालयों में शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मियों को बुलाया गया था। पहले दिन परिसर की सफाई के साथ ही नवीन नामांकन कराया गया। राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह के साथ शिक्षकों ने बच्चों के प्रवेश की प्रक्रिया को पूर्ण किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक वीपी सिंह ने बताया कि सभी विद्यालयों में प्रवेेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया गया है कि विद्यालयों में प्रशासनिक कार्यालय खोले जाएं। स्कूल व कॉलेज शिक्षण कार्य के लिए बंद रहेंगे। माध्यमिक व उच्च शिक्षण संस्थाओं व कोचिंग संस्थानों में ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी।