सुल्तानपुर। बनरहा गांव के पास शुक्रवार की सुबह छात्र-छात्राओं से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने चारों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन बच्चों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
चांदा कस्बे में स्थित डीपी पब्लिक स्कूल की बस शुक्रवार की सुबह बच्चों को स्कूल ले आने के लिए निकली थी। बस पर कई बच्चे सवार थे। स्कूल बस बनहरा गांव के पास पहुंची थी कि अचानक अनियंत्रित होकर खाईं में पलट गई।
दुर्घटना में बस पर सवार छात्र अभि उपाध्याय (10) पुत्र अजय विक्रम उपाध्याय, आदित्य उपाध्याय (13) पुत्र सुधाकर उपाध्याय निवासी जलालपुर, ममिनी यादव (14) पुत्री जय प्रकाश यादव निवासी सफीपुर और आयुष (7) पुत्र उमेश चंद्र निवासी सफीपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
बच्चों की चीख-पुकार के बाद पहुंचे स्थानीय लोगों ने बस में फंसे चारों बच्चों को निकालकर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आदित्य उपाध्याय, ममिनी यादव और आयुष को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में तीनों का उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही अभिभावकों में हड़कंप मच गया। कई अभिभावक सीएचसी पहुंचे, जहां से वे जिला अस्पताल निकल गए। बच्चों की हालत में सुधार है।