अमेठी। संग्रामपुर पुलिस की ओर से एक नाबालिग को पाबंद किए जाने का मामला मंगलवार को विधायक प्रतिनिधि और सीओ के समक्ष संपूर्ण समाधान दिवस में उठा। सीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही।
थाना क्षेत्र संग्रामपुर के गांव डेहरा निवासी गायत्री पत्नी शिव प्रसाद और छोटेलाल के बीच जमीन का विवाद चल रहा है।
इसी विवाद को लेकर पुलिस ने गायत्री, उसके भाई उमेश तिवारी और कक्षा सात में पढ़ रहे 12 वर्षीय उसके पुत्र रिशू शुक्ला को शांतिभंग के अंदेशे में पाबंद कर दिया।
एक जुलाई को नोटिस मिलने के बाद पीड़िता को मामले की जानकारी हुई। मंगलवार को पीड़िता अपने बेटे रिशू के साथ संपूर्ण समाधान दिवस में विधायक प्रतिनिधि अनंत विक्रम सिंह और सीओ पीयूषकांत राय के सामने पेश हुई।
पीड़िता ने बताया कि पिछले 15 दिनों से वह अपने बेटे को लेकर थाने और तहसील का चक्कर लगा रही है। ऐसे में बेटे की पढ़ाई बाधित हो रही है।
पीड़िता ने सीओ से मामले की जांच कराकर बेटे का नाम निकलवाए जाने और संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस संबंध में सीओ पीयूषकांत राय ने बताया कि आरोपों की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।