कार्यक्रम में हिस्सा लेने जाते अपर मुख्य सचिव अमित घोष। स्रोत-सूचना विभाग
सुल्तानपुर। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा अमित घोष ने रविवार को मेडिकल कॉलेज दूबेपुर के शिक्षा विंग में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सनातन धर्म को सच्चे राष्ट्रवाद का मार्ग बताया। कहा कि इसमें किसी पूजा-पद्धति, कर्मकांड या संप्रदाय की बात नहीं होती है। सिर्फ शाश्वत जीवन-दृष्टि की बात होती है।
लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म ने भारत को हजारों वर्षों तक सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और नैतिक रूप से समृद्ध किया। राष्ट्रवाद का अर्थ किसी संकीर्णता, किसी आक्रोश, किसी बहिष्कार अथवा किसी घृणा से नहीं, बल्कि राष्ट्र को उसकी आत्मा के साथ जोड़ने वाला सच्चा राष्ट्रवाद होता है। यह नागरिक के अधिकारों का उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि कर्तव्यों का संवाहक है। वंदे मातरम् गीत के बारे में भी बताया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया।
उन्होंने सनातन धर्म पर काफी देर तक चर्चा की। डॉ, राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजेंद्र सिंंह ने भी अपने विचार रखे। इसके पहले मेडिकल कॉलेज में पहुंचने पर डीएम कुमार हर्ष, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रियांक वर्मा व कार्यक्रम के आयोजक डॉ. जयप्रकाश सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।