सुल्तानपुर। करौंदीकलां क्षेत्र के 469 शिक्षकों का वेतन पोर्टल पर लॉक नहीं होने की वजह से रुक गया है। जिले के अन्य ब्लॉकों के शिक्षक वेतन पा गए हैं लेकिन करौंदीकलां के शिक्षक वंचित हैं।
करौंदीकलां खंड शिक्षाधिकारी अजय सिंह की ओर से निर्धारित 28 नवंबर को पेरोल मॉड्यूल लॉक नहीं किया गया था। 29 नवंबर को जब इसे लॉक करने की कोशिश की गई तो पेरोल लॉक नहीं हो पाया। खंड शिक्षाधिकारी ने इसकी लिखित सूचना एक दिसंबर को वित्त एवं लेखाधिकारी को दी। वित्त एवं लेखाधिकारी अमित मोहन मिश्र ने शिक्षकों व अन्य कर्मियों की उपस्थिति ब्लॉक स्तर पर मानव संपदा पोर्टल के पेरोल मॉड्यूल में समय से लॉक नहीं होने के बारे में महानिदेशक स्कूल शिक्षा को पत्र लिखा है। इस दौरान अन्य सभी ब्लॉकों के शिक्षकों का वेतन खाते में पहुंच गया लेकिन करौंदीकलां के शिक्षक वंचित हैं।
राज्य परियोजना निदेशालय से कराया गया लॉक
वित्त एवं लेखाधिकारी ने बताया कि खंड शिक्षाधिकारी से सूचना मिलने पर डीजी को पत्र लिखा गया था। राज्य परियोजना निदेशालय से पेरोल मॉड्यूल लॉक कराया गया है। जल्द ही शिक्षकों के खाते में वेतन पहुंचेगा।