मोतिगरपुर के दियरा चौराहे के पास सीसीटीवी कैमरे को ठीक करता प्राइवेट कर्मी।
मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। लखनऊ-बलिया स्टेट हाईवे पर दियरा चौराहे के पास बृहस्पतिवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने दूल्हे के पिता से 50 हजार की छीनकर भाग निकले। वारदात के बाद से स्थानीय व्यापारियों में भय का माहौल है। पुलिस वारदात को संदिग्ध बता रही है।
कुड़वार के भदहरा का पुरवा मजरे खरगपुर निवासी रवींद्र कुमार दूबे के बेटे सूरज दूबे की बृहस्पतिवार को शादी थी। बराती लंभुआ के चौपरिया गांव जाने के लिए निकले थे। रात 8:15 बजे बरात की गाड़ियां दियरा चौराहे के पास रोकी गईं। रवींद्र कुमार दूबे चौक से 50 मीटर पहले हाथ में बैग लेकर गाड़ी से उतरे, तभी एक युवक उनके पास आया और रुपयाें से भरा बैग झपट लिया। इसके बाद युवक खुद ही तेज आवाज में चोर-चोर चिल्लाया और सुल्तानपुर की ओर पैदल भागा।
कुछ दूरी पर दूसरा युवक बाइक स्टार्ट करके खड़ा था। जब तक लोग कुछ समझ पाते, दोनों बदमाश बैग लेकर भाग निकले। रवींद्र के पिता सत्यदेव दूबे के मुताबिक बैग में करीब 50 हजार रुपये थे, जो शादी में खर्च के लिए रखे थे। रात में ही मोतिगरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
शुक्रवार सुबह दारोगा और सिपाही वारदात स्थल के आसपास छानबीन करते नजर आए। स्थानीय व्यापारियों से पूछताछ की और विभिन्न प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। पुलिस की ओर से लगे दियरा चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। घटना के समय पुलिस चौराहे पर ही मौजूद थी। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।