सुल्तानपुर। अयोध्या होकर अन्य जिलों को जाने वाले वाहनों का शनिवार शाम से रूट डायवर्ट कर दिया गया है। डायवर्जन का पालन कराने के लिए मार्ग के प्रमुख पॉइंट पर पुलिस लगा दी गई है। अयोध्या के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए राम वनगमन मार्ग को ग्रीन कॉरिडोर घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा के लिए इस पर पुलिस की टीम लगा दी गई है।
22 जनवरी को राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को देखते हुए अयोध्या से होकर अन्य जिलों को जाने वाले वाहनों का मार्ग परिवर्तित करते हुए दूसरे रास्तों से गुजारा जा रहा है। कूरेभार से वाहनों को पीढ़ी होते हुए सेमरी व अंबेडकरनगर, कटका बाजार से वाहनों को टांडा-बांदा हाईवे से अंबेडकरनगर, हलियापुर की तरफ से जाने वाले वाहनों को कूरेभार होते हुए गुजारा जा रहा है।
इसके साथ ही अन्य छोटे पॉइंटों से गुजरने वाले वाहनों को स्थानीय रूट के हिसाब से बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, गोरखपुर व श्रावस्ती समेत अन्य जिलों को भेजा जा रहा है। सुल्तानपुर-अयोध्या मार्ग पर पड़ने वाले गांवों के निवासियों को छानबीन के बाद भेजा जा रहा है। इसके लिए पुलिस लगा दी गई है।
गश्त करती रहेंगी पुलिस की टीमें
अयोध्या कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने प्रतापगंज से जमोली गेट तक राम वनगमन मार्ग को ग्रीन कॉरिडोर घोषित कर दिया है। इसकी घोषणा से अब इस मार्ग पर कोई वाहन रुक नहीं सकेगा और जाम भी नहीं लग सकेगा। इसकी देखरेख के लिए मार्ग पर पुलिस की 10 टीमें लगा दी गई हैं। प्रत्येक टीम करीब ढाई किमी के दायरे में मार्ग पर हमेशा गश्त करती रहेगी। इसके अलावा अपने थाना क्षेत्रों में स्थानीय पुलिस को निगाह रखने का निर्देश भी दिया गया है। एडीएम प्रशासन पंकज सिंह ने बताया कि मार्ग से गुजरने वाले अतिथियों के स्वास्थ्य की देखरेख में स्वास्थ्य टीम को भी सतर्क किया गया है।