कूरेभार के मुजेश के पास डायवर्जन स्थल पर गश्त करती पुलिस।
सुल्तानपुर। अयोध्या में बृहस्पतिवार व शुक्रवार को चौदह कोसी परिक्रमा, एक व दो नवंबर को पंचकोसी परिक्रमा व पूर्णिमा स्नान व अन्य त्योहार के लिए अयोध्या जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है। अलग-अलग तिथियों पर अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों को दूसरे वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। रूट डायवर्जन की व्यवस्था बुधवार से लागू की जाएगी।
सीओ ट्रैफिक रमेश कुमार ने बताया कि अयोध्या में बृहस्पतिवार व शुक्रवार को चौदह कोसी परिक्रमा है। इसके लिए बुधवार शाम 06:00 बजे से शुक्रवार सुबह 8:00 बजे तक जिले से अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों का रूट डायवर्जन रहेगा। एक व दो नवंबर को पंचकोसी परिक्रमा के कारण डायवर्जन रहेगा।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान/ मेला पर चार नवंबर को दोपहर 12 बजे से पांच नवंबर की रात्रि 11 बजे तक रूट डायवर्जन किया गया है। हलियापुर व कूरेभार के पास से अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया जाएगा। संबंधित थाने की पुलिस को यातायात व्यवस्था लागू करने के लिए निर्देश जारी किया गया है।
इन रास्तों से होकर गुजारे जाएंगे भारी वाहन
अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर कूरेभार के मुजेश कट की तरफ से पीढ़ी रोड व अन्य मार्गों से कूरेभार चौराहे पर जाने वाले भारी वाहन ट्रक, ट्रैक्टर आदि को पूर्वाचल एक्सप्रेसवे से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। सुल्तानपुर से अयोध्या जाने वाले भारी वाहन भी कूरेभार के पास पूर्वाचल एक्सप्रेसवे के रास्ते से रवाना किए जाएंगे। रायबरेली की ओर से आने वाले भारी वाहन हलियापुर से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते से भेजे जाएंगे।