अयोध्या- प्रयागराज हाईवे पर मुजेश टोल प्लाजा के निकट खड़े ट्रक
कूरेभार (सुल्तानपुर)। श्रावण शिवरात्रि पर बुधवार को अयोध्या जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन किया गया। अयोध्या जाने वाले वाहनों को रोककर कूरेभार से हलियापुर और सेमरीबाजार के रास्ते से भेजा गया। हाईवे के कुछ स्थानों पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
अयोध्या-प्रयागराज हाईवे स्थित कूरेभार कस्बे के मुख्य चौराहे पर बुधवार सुबह करीब आठ बजे से ही अयोध्या जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों का रूट डायवर्जन कर दिया गया। सुल्तानपुर से आने वाले भारी वाहनों को सेमरी रोड से रवाना किया गया। हलियापुर से आने वाले भारी वाहनों को सेमरी की ओर से भेजा गया। मुजेश टोल प्लाजा पर सुल्तानपुर से आ रहे भारी वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते से भेजा गया। कूरेभार थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था के लिए सभी चेक पोस्ट पर पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। बृहस्पतिवार को भी रूट डायवर्जन रहेगा।
26 से 29 तक रहेगा डायवर्जन
अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि 26 से 29 जुलाई तक अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया जाएगा। 27 जुलाई को मणिपर्वत मेला (श्रावण झूला मेला प्रारंभ), 28 जुलाई को श्रावण मास का तृतीय सोमवार व 29 जुलाई को नागपंचमी है।