सुल्तानपुर। कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए 979 ग्राम पंचायतों में सफाई व सैनिटाइजेशन का रोस्टर तय कर दिया गया है। मेरा गांव स्वच्छ गांव अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में सफाई व सैनिटाइजेशन का कार्य कराया जाएगा। इसके लिए बीडीओ, एडीओ, पंचायत सचिवों व सफाई कर्मियों को जिम्मेदारी दी गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण की रोकथाम व बारिश को देखते हुए प्रशासन ने साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन पर जोर दिया है। डीएम रवीश गुप्ता ने मेरा गांव स्वच्छ गांव के तहत ग्राम पंचायतों में नालों, आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल, पंचायत भवन व अन्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई व सैनिटाइजेशन कराने का आदेश डीपीआरओ व खंड विकास अधिकारियों को दिया है।
डीएम ने नालियों के जरिए तालाबों व नालों में जाने वाले कचरे व कूड़ेे के ढेर की सफाई जेसीबी व ट्रैक्टर से कराने की भी अनुमति दी है। डीएम के निर्देश पर जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती ने 14 विकास खंड की 979 ग्राम पंचायतों में 18 से 27 मई तक सफाई व सैनिटाइजेशन का रोस्टर तय कर दिया है।
सफाई के बाद सैनिटाइजेशन कराने के लिए सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाते हुए पंचायत सचिवों को देखरेख की जिम्मेदारी दी है। विभाग के ग्रुप पर ट्रैक्टर, जेसीबी व सफाई कर्मचारियों कराई जा रही सफाई की फोटो उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है।
डीपीआरओ ने ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन के लिए प्रत्येक शनिवार से सोमवार तक आगे भी कार्य जारी रखने का निर्देश दिया है। इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।