उपमुख्यमंत्री के निर्देश के 16 माह बाद भी नहीं कराई गई मरम्मत
संवाद न्यूज एजेंसीमोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। क्षेत्र में पहले से गड्ढों में तब्दील सड़कें बारिश में और खस्ताहाल हो गई हैं। हालत यह है कि डिप्टी सीएम के निर्देश के बाद भी जिला मार्ग तक की मरम्मत नहीं कराई गई। मरम्मत और गड्ढामुक्त नहीं कराए जाने से लोगों का सफर करना मुश्किल हो गया है। आएदिन राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
मोतिगरपुर-गोशैसिंहपुर के बीच बना 10 किमी लंबा जिला मार्ग हलियापुर-अखंडनगर प्रमुख मार्ग को जोड़ता है। यह जिला मार्ग पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान यूपीडा के डंपरों की वजह से क्षतिग्रस्त हो गया था। पिछले साल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद भी यह मार्ग गड्ढामुक्त नहीं हो पाया था। 30 मई 2023 को सौ शैया अस्पताल बिरसिंहपुर के लोकार्पण के बाद समीक्षा बैठक में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने मार्ग को गड्ढामुक्त कराने का निर्देश दिया था।
उनके निर्देश के करीब 16 महीने बाद भी एक गिट्टी तक सड़क पर नहीं पड़ सकी है। यही हाल बिरसिंहपुर-मोतिगरपुर-दियरा होते हुए लंभुआ को जाने वाला प्रमुख जिला मार्ग है। मोतिगरपुर से दियरा तक मार्ग की हालत खस्ताहाल हो गई है। पिछले अभियान में पीडब्ल्यूडी ने करीब डेढ़ किमी हिस्से को गड्ढामुक्त कराते हुए शेष को छोड़ दिया था। अब गड्ढामुक्त कराए गए हिस्से के साथ पूरा मार्ग करीब तीन किमी बेहद खराब हो गया है।
मोतिगरपुर-दोस्तपुर से गुजरे अन्य जिला मार्ग की हालत कई जगहों पर खराब हो गई हैं। बारिश से इसमें भी गड्ढे बन गए हैं। भुअरपुर से करनाईपुर, डड़वा से शुकुलदुलैचा होते हुए काछा मार्ग, ढेमा से उघड़पुर मार्ग समेत अन्य मार्गों की हालत खस्ता हो गई है। इन मार्गों पर आए दिन ई-रिक्शा पलट रहे हैं। बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। अभी तक दर्जनों लोग चोटिल हो चुके है।
बरसात के बाद शुरू होगा गड्ढामुक्त अभियान
प्रांतीय खंड लोक निर्माण के अधिशाषी अभियंता अरुण कुमार ने कहा कि बरसात के बाद गड्ढामुक्त करने का कार्य शुरू होगा। इसके लिए सड़कें चिह्नित की गई हैं।