जिले में अब डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या 51 हुई
सुल्तानपुर। जिले में डेंगू संक्रमण तेजी से फैल रहा है। दो दिनों में 80 बुखार मरीजों की एलाइजा जांच की गई। सात लोगों में डेंगू का संक्रमण मिला। अब जिले में डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या 51 हो गई है। लगातार बढ़ रहे डेंगू मरीजों की संख्या को देखते हुए सभी अस्पतालों में रैपिड जांच का दायरा बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में वायरल बुखार के मरीजों के लिए बेडों की संख्या बढ़ा दी गई है लेकिन इसके बाद भी मरीजों के इलाज के लिए बेड का संकट कम नहीं हो रहा है। शुक्रवार और शनिवार को जिले में 160 मरीजों की रैपिड जांच की गई। इसमें 80 में डेंगू के लक्षण पाए गए थे। इसके बाद इनके रक्त नमूनों को एलाइजा जांच के लिए करौंदिया स्थित लैब में भेजा गया था।
शनिवार को एलाइजा जांच में सात लोगों में डेंगू के संक्रमण मिले। अब तक डेंगू के कुल 51 पॉजिटिव मरीज एलाइजा जांच में मिल चुके हैं। इन मरीजों में 80 फीसदी मरीज ठीक हो चुके हैं। 20 फीसदी मरीजों का इलाज चल रहा है। मेडिकल काॅलेज प्रशासन की ओर से डेंगू वार्ड में आठ बेड मच्छरदानी के साथ लगवाए गए हैं। लगातार बढ़ रहे मरीजों के कारण सभी बेड फुल हो गए हैं।
चार मरीजों में मिला मलेरिया संक्रमण
जिले में शनिवार को एक मरीज में मलेरिया संक्रमण पाया गया। इसके साथ ही मलेरिया संक्रमितों की संख्या अब चार हो गई है। सहायक मलेरिया अधिकारी डॉ.हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि जहां मलेरिया के संक्रमित मिले हैं, वहां दवा की छिड़काव करा दिया गया है।
अक्तूबर माह तक रहना होगा सावधान
डेंगू के मरीज लगातार मिल रहे हैं। अधिकांश मरीज अपने घरों में इलाज करा रहे हैं। बेड का संकट खत्म करने के लिए अतिरिक्त बेड वार्डों में लगवाए गए हैं। अक्तूबर तक डेंगू बढ़ने के आसार हैं। मेडिकल काॅलेज प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। -डॉ.सलिल श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय