सुल्तानपुर। शहर के सीताकुंड वार्ड में नगर पालिका की ओर से 11.49 लाख की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क व नाली का निर्माण कराया गया था। पिछली एक जून को इसका लोकार्पण किया गया था। लोकार्पण हुए एक महीने का समय भी नहीं पूरा हुआ कि सड़क कई स्थानों पर धंस गई है। सड़क धंसने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की है।
नगर पालिका की ओर से मई माह में शहर के सीताकुंड वार्ड में 11.49 लाख की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क व नाली का निर्माण कराया गया था। राज्य वित्त आयोग से निर्मित सड़क व नाली का लोकार्पण नगर पालिका के अधिकारियों की मौजूदगी में एक जून को किया गया था। लोकार्पण हुए अभी एक महीने से अधिक का समय नहीं बीता है।
जून महीने में हुई बरसात के दौरान ही यह सड़क धंस गई। सड़क धंसने से आवाजाही करने वाले लोगों के समक्ष समस्या खड़ी हो गई है। मोहल्ले के मोनू सिंह, कृष्ण कुमार, बीनू सिंह व अन्य लोगों का आरोप है कि कार्य गुणवत्तापरक नहीं कराए जाने से सड़क धंस गई।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की है। स्थानीय सभासद डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि उन्होंने कई बार इसकी शिकायत की है लेकिन अभी नगर पालिका की ओर से जांच नहीं कराई जा सकी है। इस संबंध में ईओ श्यामेंद्र मोहन ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी।