धंसी सड़क की मरम्मत करते पीडब्ल्यूडी कर्मी।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। टांडा-बांदा हाइवे के टाटियानगर पुल के मरम्मत कार्य की वजह से वाहनों का दबाव और बढ़ने से शुक्रवार रात शहर के पयागीपुर-गोलाघाट फोरलेन करीब छह मीटर फिर धंस गया। सड़क धंसने से कई वाहन रात में फंस गए। इसके बाद पुलिस ने इस मार्ग से वाहनों को एक लेन से गुजारा। सड़क खराब होते ही रात में अमहट-बस स्टेशन फोरलेन पर भारी वाहनों का दबाव और बढ़ गया। मार्ग पर ट्रकों का भीषण जाम लग गया। पुलिस ने कुछ ट्रकों को सब्जी मंडी मेें खड़ा कराकर जाम को खुलवाया। अभी सप्ताह भर परेशानी बने रहने के आसार हैं।
टांडा-बांदा हाइवे स्थित टाटियानगर के जर्जर पुल की मरम्मत कराए जाने से उस मार्ग के वाहनों को शहर की तरफ से गुजारा जा रहा है। भारी वाहनों का प्रवेश शहर में दिन के समय रोक दिया गया है। इससे सुल्तानपुर-वाराणसी, लखनऊ-सुल्तानपुर, अयोध्या-प्रयागराज समेत अन्य हाइवे पर भारी वाहनों की शहर के बाहर कतार लग गई है। रात के समय शहर में जाम लग रहा है। शुक्रवार रात भारी वाहनों का आवागमन शहर के पयागीपुर-गोलाघाट निर्माणाधीन फोरलेन पर शुरू होते ही थोड़ी देर में शाहगंज चौराहे के पास करीब छह मीटर तक एक लेन की सड़क धंस गई। सड़क धंसते ही कई वाहन उसमें फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को निकलवाने के बाद एक लेन का रास्ता बंद कर दिया।
इसके साथ ही वाहनों को सिर्फ अमहट-बस स्टेशन के निर्माणाधीन फोरलेन से गुजारा जाने लगा। इसकी वजह से अमहट-बस स्टेशन मार्ग पर ट्रकों का दबाव और बढ़ा जिससे बस स्टेशन से लेकर अमहट तक भीषण जाम लग गया। पुलिस ने दर्जनों ट्रकों को सब्जी मंडी में खड़ा करवाकर जाम को खुलवाया। धीरे-धीरे रात भर ट्रकों को गुजारा गया। सुबह भारी वाहनों का प्रवेेश बंद होने के बाद शहर में कुछ राहत मिल सकी।