सुल्तानपुर। जिले में डेंगू का प्रकोप बेकाबू होता जा रहा है। शनिवार को डेंगू से एक किशोर की मौत हो गई। इसके साथ ही जिला अस्पताल व शहर के तीन स्थानों पर हुई 227 लोगों की जांच में डेंगू के 42 मरीज मिले हैं।
मायंग निवासी हरिशंकर पांडेय का पुत्र गौरव (17) कई दिन से बुखार से पीड़ित था। डेंगू पॉजिटिव मिलने पर परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर लखनऊ जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में चिकित्सकों को दिखाने पहुंचे 115 लोगों की जांच की गई। लैब टेक्नीशियन शेषनाथ ने बताया कि जांच में 40 लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं।
इसके साथ मलेरिया विभाग की टीम भी लगातार जांच कर रही है। जिला मलेरिया अधिकारी बंशीलाल के निर्देश पर शनिवार को वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन आरपी सिंह की अगुवाई वाली टीम ने शहर के निरालानगर में शिविर लगाकर 30 लोगों जांच की गई। जांच में एक व्यक्ति डेंगू पॉजिटिव पाया गया। ईदगाह मोहल्ले में 23 लोगों की जांच में एक व्यक्ति डेंगू पॉजिटिव मिला है। घासीगंज मोहल्ले में 59 लोगों की जांच में कोई पॉजिटिव नहीं मिला।