राजकीय इंटर कॉलेज में बना है यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए कंट्रोल रूम।
सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में इस बार सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जाएगी। परीक्षा से जुड़ी भ्रामक सूचनाओं को रोकने के लिए जिले स्तर पर कंट्रोल रूम बनाकर निगरानी की व्यवस्था की गई है।
जिले में कुल 122 केंद्रों पर 76,664 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होंगी। केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से तीन स्तरों पर की जाएगी।डीआईओएस कार्यालय में परीक्षा परीक्षा जितेंद्र दुबे ने बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाहों को रोकने के लिए कंट्रोल रूम में शिफ्टवार तीन-तीन शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। यह टीम फेसबुक, व्हाट्सएप, टेलीग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर परीक्षा से जुड़ी पोस्ट पर नजर रखेगी।
यदि कोई तथ्यहीन या भ्रामक सूचना प्रसारित करता पाया गया तो उसकी आईडी की शिकायत की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी। सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा से जुड़ी सूचनाओं की पुष्टि के लिए चार आधिकारिक लिंक भी जारी किए हैं। केवल परिषद के आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचना को ही सही माना जाए, अन्य किसी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें।
बिना पुष्टि के कोई सूचना न करें फारवर्ड
परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना न फैले, इसके लिए कंट्रोल रूम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। आधिकारिक लिंक जारी किए गए हैं, इन्हीं स्रोतों की सूचना को पुष्ट माना जाएगा। गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी, इसलिए बिना पुष्टि के कोई सूचना फारवर्ड करने से बचें। - सूर्य प्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक