सुल्तानपुर। अधिवक्ता आजाद अहमद हत्याकांड से जुड़े मामले में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए आरोपी सिराज अहमद की कुर्क की गई संपत्ति रिलीज करने की अर्जी पर सुनवाई के लिए बृहस्पतिवार की तिथि नियत रही। रिलीज अर्जी पर अभियोजन पक्ष व बचाव पक्ष ने अपनी बहस पेश की। बहस की कार्यवाही शेष रह गई है। एफटीसी द्वितीय विजय कुमार गुप्ता की अदालत ने इस मामले में रिलीज अर्जी पर शेष बहस के लिए सात मार्च की तारीख तय की है। वहीं, हत्यारोपियों के खिलाफ चल रहे ट्रायल में सुनवाई के लिए छह मार्च की तिथि पूर्व से ही नियत है।
कोतवाली देहात के भुलकी चौराहे के पास छह अगस्त 2023 को अधिवक्ता आजाद अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दिवंगत अधिवक्ता के पिता मो. सलीम ने आरोपी इकरामुद्दीन व अन्य के खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में ट्रायल चल रहा है। संवाद