सुल्तानपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती मंगलवार को जिले भर में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के साथ मनाई गई। इस दौरान बाबा साहब के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प लिया। शहर से ग्रामीण क्षेत्र तक 200 से अधिक झांकियां निकाली गईं। तिकोनिया पार्क में हुई गोष्ठी में लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
अंबेडकर कल्याण समिति और बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से निकली झांकियां विभिन्न मार्गों से होते हुए शहर भ्रमण पर निकलीं। बाधमंडी, राहुल चौराहा, चौक, बस अड्डा समेत प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई झांकियां तिकोनिया पार्क पहुंचीं। गोष्ठी में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गौतम, महामंत्री जेबी बौद्ध ने बाबा साहब के संघर्ष के बारे में बताया। मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य डॉ. प्रियांक वर्मा व सीएमएस डॉ. एसी गुप्ता ने माल्यार्पण किया। कांग्रेस, भाजपा, सपा व अन्य राजनीतिक संगठनों ने भी कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहब को नमन किया।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। विकास भवन सहित सभी तहसीलों और ब्लॉकों में भी कार्यक्रम आयोजित हुए। इधर, जिलाधिकारी कुमार हर्ष, पुलिस अधीक्षक चारू निगम समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भाजपा ने भी जिले के 1900 बूथों पर जयंती मनाई। ग्रामीण अंचल के अखंडनगर, कादीपुर, दोस्तपुर, जयसिंहपुर, कूरेभार, लंभुआ, कुड़वार, दूबेपुर सहित सभी ब्लॉकों में झांकी निकाल बाबा साहब की जयंती मनाई गई। उधर, झांकियों के निकलने के दौरान शहर में लंबा जाम लगा रहा। दरियापुर ओवरब्रिज के पास करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर जाम खुलवाया।
लहराते दिखे तलवार
झांकियों के शहर भ्रमण के दौरान अराजकता भी दिखी। कुछ युवा हाथ में तलवार व डंडे लेकर एक-दूसरे को धमकी देते दिखे, हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से कहीं भी अप्रिय घटना नहीं हुई। दूबेपुर के पास आ रही एक झांकी में एक युवक हाथ में तलवार लेकर खड़ा दिखा।