सुल्तानपुर। कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज कर रहे कुड़वार सीएचसी के एल वन हॉस्पिटल के छह चिकित्सकों, कर्मियों व एंबुलेंस कर्मियों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। रिपोर्ट निगेटिव आने पर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। अभी 35 लोगों की रिपोर्ट आनी शेष है।
कुड़वार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बनाए गए कोविड एल वन हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज कर रहे चिकित्सक व कर्मियों का सैंपल 26 अप्रैल को जांच के लिए एसजीपीजीआई लखनऊ भेजा गया था। 26 अप्रैल को भेजे गए 24 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व उमाकांत त्रिपाठी ने बताया कि इसमें कुड़वार के एल वन हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज कर रहे छह चिकित्सक व कर्मी शामिल हैं। उनके साथ ही कोरोना मरीजों को लाने वाले 108 एंबुलेंस के छह कर्मी भी हैं।
इन सभी कर्मियों व चिकित्सकों की 29 अप्रैल को आई रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। बताया कि अभी तक 528 नमूनों की जांच भेजी गई है। इसमें 493 की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। 35 की रिपोर्ट प्रतीक्षित है। लेवल वन हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज कर रहे चिकित्सक व कर्मियों की रिपोर्ट बुधवार को निगेटिव आने पर प्रशासन व स्वास्थ्य महकमे ने राहत की सांस ली है।