भदैंया। टांडा-बांदा हाईवे के लोहरामऊ रेलवे ओवरब्रिज की बदहाल सड़क की मरम्मत सोमवार से फिर शुरू हुई तो यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। काम के चलते सुबह से ही ओवरब्रिज पर वाहनों की रफ्तार थम गई और दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। बड़े वाहनों को निकलने में सबसे ज्यादा परेशानी हुई। जाम से बचने के लिए बाइक सवार और कुछ छोटे वाहन दूसरे मार्गों से गुजरते रहे।
ओवरब्रिज की सड़क करीब छह महीने से खराब थी। बारिश के दौरान कई जगह बड़े गड्ढे हो गए और सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई थी। इससे बाइक सवारों के फिसलकर चोटिल होने का खतरा बना हुआ था। एनएचएआई रायबरेली ने करीब 15 दिन पहले इसकी मरम्मत शुरू कराई थी, लेकिन दो दिन बाद लगातार बारिश होने से काम रोकना पड़ा। तीन दिन से बारिश नहीं होने पर ठेकेदार ने सोमवार सुबह ओवरब्रिज के दक्षिणी हिस्से में दोबारा काम शुरू कराया। डामरीकरण मशीन चलते ही करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
इसके चलते वाहनों को एक तरफ से धीरे-धीरे निकाला गया। इस दौरान दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। जाम में फंसे कार चालक सुनील और ट्रक चालक जावेद हुसैन ने बताया कि बड़े वाहनों को निकलने में काफी समय लगने के कारण ही छोटे वाहनों के चालकों को घंटों जाम में फंस कर परेशानी उठानी पड़ी। एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक विकल्प सिंह ने बताया कि वाहनों को एक साइड से निकाला जा रहा है। मरम्मत कार्य दो दिन में पूरा कर लिया जाएगा।