सुल्तानपुर। नगर पालिका ने बुधवार को सब्जी मंडी के पास सड़कों के किनारे अवैध रूप से लगाए ठेलों पर कार्रवाई की। यह कार्रवाई सब्जी मंडी-गोलाघाट मार्ग पर दोपहर बाद हुई। नप कर्मियों की कार्रवाई से ठेला लगाने वालों में हड़कंप मच गया। मौके से मिले दर्जनभर ठेलों को कर्मियों ने जब्त कर लिया। वेडिंग जोन होने के बावजूद सड़क के किनार ठेला लगाने से शहर की सड़कों पर रोजाना जाम की स्थिति बन जाती है।
सप्ताहभर पहले नगर पालिका ने सड़क किनारे लगाए ठेलों को हटाने के लिए मुनादी कराई थी। इसके बावजूद दीवानी चौराहा, सब्जी मंडी व बस अड्डा समेत अन्य सड़कों के किनारे ठेले लगाए जा रहे हैं। इसी को लेकर नप कर्मियों ने अतिक्रमण हटवाया। औचक कार्रवाई से दुकानदार अपना ठेला लेकर भागने लगे। नगर पालिका की टीम में आरआई प्रवीन सिंह, दिनेश सिंह, हनुमान सिंह व साहिल परवेज शामिल रहे।
ईओ श्यामेंद्र मोहन चौधरी ने बताया कि सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए वेंडिंग जोन में जगह दी गई है। अगर ठेले वेंडिंग जोन में नहीं लगाए जाते तो आवंटन निरस्त कर धरोहर राशि जब्त कर ली जाएगी। इस बावत नोटिस जारी कर दिया गया है। ठेलों की जब्ती कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।