सुल्तानपुर। प्रॉपर्टी डीलर माता प्रसाद पांडेय की गोली मारकर हत्या करने के मामले में राहुल सिंह और सह आरोपी सुरेंद्र शर्मा को बरामद असलहे के साथ पुलिस ने रविवार को प्रभारी रिमांड मजिस्ट्रेट भव्या श्रीवास्तव की अदालत में पेश किया। अदालत ने उनकी रिमांड स्वीकार करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है।
कुड़वार के पूरे बेनीमाधव नरवापार निवासी अवनीश पांडेय ने गत 25 मार्च की घटना बताते हुए अपने पिता माता प्रसाद पांडेय की गोली मारकर हत्या किए जाने के आरोप में स्थानीय थाने के रूपापुर निवासी रमेश मौर्य, उनके पुत्र अनुराग मौर्य, सह आरोपी सुरेंद्र शर्मा व अज्ञात लोगों के खिलाफ कुड़वार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वादी अवनीश पांडेय के आरोप के मुताबिक प्रॉपर्टी विवाद में आरोपियों ने उनके पिता की हत्या कर दी। आरोपी रमेश मौर्य और उनके पुत्र अनुराग मौर्य को दो दिन पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।