श्री हनुमत इंटर कॉलेज धम्मौर से परीक्षा देकर बाहर निकलते अभ्यर्थी। संवाद
सुल्तानपुर। यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को केंद्र केगेट पर सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। दोनों पालियों के लिए आवंटित 10,560 अभ्यर्थियों में सौ से अधिक अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थियों का कहना था कि माइनस मार्किंग नहीं होने से सभी सवालों के उत्तर दिए। इससे राहत भी है।
परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए डीएम इंद्रजीत सिंह, एसपी चारू निगम सहित जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों ने केंद्रों का निरीक्षण किया। पहली पाली में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक व दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक हुई। प्रत्येक पाली के लिए 5280 अभ्यर्थी 15 केंद्रों के लिए आवंटित थे। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। सोमवार को भी दो पालियों में परीक्षा होगी।
दूसरी पाली की परीक्षा देकर बाहर आए अंबेडकरनगर के प्रवेश कुमार ने बताया कि परीक्षा में आए प्रश्नपत्र काफी सरल थे। केंद्र पर व्यवस्थाएं भी बहुत सही थी। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रश्नों ने थोड़ा परेशान किया वहीं सामान्य अध्ययन ठीक रहा। अंबेडकरनगर के रिंकेश कुमार ने बताया कि माइनस मार्किंग नहीं होने से अधिक प्रश्नों का उत्तर दिया हूं।
माइनस मार्किंग नहीं होने का लाभ मिला। कई सवाल ऐसे थे जो अलग-अलग विषय के थे। तैयारी अच्छी होती तो पेपर और आसान हो जाता। अंबेडकरनगर के विपिन गौतम ने बताया कि पेपर आसान था, 55-60 अंक पाने वाले अभ्यर्थी कटऑफ में आ सकते हैं। हमारे सभी प्रश्न पत्र समझ में आसानी से आ गए। माइनस मार्किंग नहीं होने से सभी सवालों का उत्तर दिया हूं।