घंटाघर के जीर्णोद्धार कार्य का जायजा लेते नगर पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल। स्रोत- नगर पालिका
सुल्तानपुर। शहर के ऐतिहासिक चौक घंटाघर के कायाकल्प का काम शुरू हो गया है। करीब 34 लाख रुपये की लागत से होने वाले जीर्णोद्धार के पहले चरण में भवन की दीवारों के प्लास्टर और रिपेयरिंग का काम कराया जा रहा है। पुरानी घड़ियों को हटाकर चार नई डिजिटल घड़ियां लगाई जाएंगी। घंटाघर के चारों तरफ फसाड लाइटें लगाकर इसे आकर्षक रूप दिया जाएगा।
रविवार को नगर पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने घंटाघर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि जीर्णोद्धार के लिए शासन से 34 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। काम 20 सितंबर तक पूरा कराने का लक्ष्य है। भवन की मरम्मत पूरी होने के बाद चारों दिशाओं में डिजिटल घड़ियां स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही पूरे परिसर का रंग-रोगन कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा महोत्सव से पहले शहर में कई सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाने हैं। स्थानीय सभासद दिनेश चौरसिया ने बताया कि वर्ष 2007-08 में नगर पालिका की ओर से घंटाघर का सुंदरीकरण कराया गया था। उनके प्रस्ताव पर लंबे समय बाद अब भवन की मरम्मत और पुरानी घड़ियों को बदलने का काम शुरू हुआ है।