सुल्तानपुर। आर्थिक तंगी से परेशान रियल स्टेट कारोबारी ने मंगलवार दोपहर मालगाड़ी के सामने आकर जान दे दी। लखनऊ-वाराणसी रेल लाइन पर दरियापुर रेलवे क्राॅसिंग के पास उनका क्षत विक्षत शव मिला। पुलिस के मुताबिक उनकी जेब से सुसाइड नोट मिला, जिसमें उन्होंने आर्थिक तंगी की वजह से आत्महत्या करने की बात लिखी है।
शहर के खैराबाद मोहल्ले के स्नेहश्री अपार्टमेंट निवासी नरेश माहेश्वरी (40) रियल एस्टेट का कारोबार करते थे। वह पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान चल रहे थे। मंगलवार दोपहर वह घरवालों को बिना सूचना दिए घर से निकले थे, जिसके बाद से उनकी खोजबीन की जा रही थी। रेलवे क्राॅसिंग के पास हादसे की सूचना मिली, जिस पर उनके परिवारीजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। कारोबारी की मौत का पता चलने पर लोग उनके घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए पहुंचने लगे। प्रभारी निरीक्षक नारद मुनि सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर रही है। उनकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने आर्थिक तंगी की वजह से आत्महत्या करने की बात लिखी है।
सोशल मीडिया पर वायरल लीगल नोटिस
रिश्तेदार से ब्याज पर 35 लाख रुपये लेने की बात आ रही सामने
मृतक कारोबारी नरेश माहेश्वरी को सोमवार को एक लीगल नोटिस मिली थी। यह नोटिस उनकी मौत के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। नोटिस में लिखा है कि नरेश माहेश्वरी ने महाराष्ट्र के प्लेटिनो बी लोढ़ा स्प्लेंडोरा, घोड़बंदर रोड, भयंदरपाड़ा, ठाणे में रहने वाले अपने करीबी रिश्तेदार से अक्टूबर 2022 व नवंबर 2023 के बीच 35 लाख रुपये पांच प्रतिशत मासिक ब्याज पर लिए थे। बार-बार कहने के बाद भी वह भुगतान नहीं कर रहे थे। इसी को लेकर उन्हें नोटिस भेजा था। हालांकि, अमर उजाला इसकी पुष्टि नहीं करता है।