शुकुल बाजार (अमेठी)। घटतौली के विरोध में कोटेदारों ने विपणन निरीक्षक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कोटेदार विपणन निरीक्षक पर बिना तौल के खाद्यान्न देने का आरोप लगाते हुए जैनबगंज गोदाम पर शुक्रवार को धरने पर बैठ गए। उधर, विपणन निरीक्षक ने कोटेदार संघ के ब्लॉक अध्यक्ष पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
शुकुल बाजार क्षेत्र में विपणन निरीक्षक अरुणिमा सिंह तैनात हैं। बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे तेंदुआ गांव का कोटेदार रामनाथ गिरि खाद्यान्न उठाने के लिए जैनबगंज स्थित गोदाम पर गया था। आरोप है कि रामनाथ गिरि ने जब खाद्यान्न की बोरी तौल कर देने को कहा तो विपणन निरीक्षक बिफर पड़ीं। कोटेदार को पहले की तरह खाद्यान्न लेने को कहा। इस पर रामनाथ गिरि ने मामले से कोटेदार संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रताप नारायण सिंह को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंचे प्रताप नारायण सिंह की विपणन निरीक्षक से नोक-झोंक शुरू हो गई।
विपणन निरीक्षक की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। पुलिस ने विपणन निरीक्षक की तहरीर पर प्रताप नारायण सिंह के खिलाफ अभद्रता करने का मुकदमा दर्ज किया है। उधर, शुक्रवार को क्षेत्र के कई कोटेदार विपणन निरीक्षक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए गोदाम पर धरने पर बैठ गए। कोटेदारों का कहना है कि जब तक उन्हें खाद्यान्न तौल कर नहीं मिलेगा, वे उठान नहीं करेंगे।