सुल्तानपुर। रक्षाबंधन के पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए वन विभाग ने आरक्षित वन ब्लॉक कस्बा पांचोपीरन में रक्षाबंधन वाटिका विकसित करने की योजना बनाई है। स्थल का चयन पूरा हो चुका है।
रक्षाबंधन के दिन 28 अगस्त को यहां 200 से अधिक भाई-बहन राखी बांधने के साथ पौधारोपण करेंगे। कार्यक्रम के लिए सभी रेंजरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग पंचायत प्रतिनिधियों, प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और सभासदों के सहयोग से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के भाई-बहनों को वाटिका तक लाएगा। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वाटिका में शीशम, सागौन, आम, अमरूद, महुआ, आंवला, बेल, नींबू और सहजन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे जाएंगे।
प्रभागीय वनाधिकारी अमित सिंह ने बताया कि रोपे गए पौधों की देखरेख वनकर्मी करेंगे, जिससे यह वाटिका भाई-बहनों के स्नेह और पर्यावरण संरक्षण का स्थायी प्रतीक बन सके। यह भाई-बहनों के लिए यादगार रहेगा। इसकी तैयारियां चल रही हैं।