बारिश से धान की फसल में आई हरियाली। संवाद
सुल्तानपुर। जिले में बुधवार सुबह से दोपहर तक बादल और धूप का दौर चलता रहा। शाम होते ही आसमान में बादल घिर आए और रुक-रुककर बारिश शुरू हो गई। देर शाम तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। बारिश ने धान उत्पादक किसानों के चेहरों पर खुशी ला दी है।
खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से धान की फसल को फायदा होने के साथ आने वाले दिनों में सिंचाई का खर्च कम होने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि यदि रुक-रुककर बारिश होती रही तो धान की फसल की बढ़वार बेहतर होगी। वहीं, सब्जी उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में पानी भरने से सब्जियों की जड़ों में सड़न और फसल खराब होने का खतरा बना है।
किसान बिंदेश्वरी प्रसाद मौर्य ने बताया कि बारिश धान के लिए फायदेमंद है। रामकरन ने कहा कि खेतों में नमी आने से फिलहाल सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ेगी। रामअछैवर ने बताया कि सब्जी के खेतों में पानी भरने से निकासी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
मौसम विज्ञानी भूपेंद्र सिंह पटेल के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 34.5 और न्यूनतम 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा। 5.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अगले 24 घंटे में बादल छाए रहने और छिटपुट बारिश की संभावना है।