जिले में बृहस्पतिवार को सुबह से ही शहर समेत ग्रामीण इलाकों में रिमझिम बारिश शुरू हो गई। बच्चों को बारिश के बीच स्कूल जाना पड़ा। दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे और धूप नहीं निकली। दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया और बादल छटने से हल्की धूप निकली।
शहर समेत ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह सड़कों पर कीचड़ जमा होने से लोगों को आवागमन में काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कुड़वार नाका निर्माणाधीन फ्लाईओवर, रोडवेज, गोलाघाट, विवेकनगर, दरियापुर, नयानगर, शास्त्रीनगर समेत अन्य स्थानों पर सड़क पर कीचड़ जमा हो गया है। बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। किसानों ने धान की रोपाई में तेजी ला दी है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को आसमान में आंशिक बादल रहने और कहीं-कहीं पर छिटपुट बारिश का अनुमान लगाया है। नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम पर्यवेक्षक योगेंद्र कुमार सिंह नागा ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा।