सुल्तानपुर। अमृतसर से हावड़ा जा रही डुप्लीकेट पंजाब मेल की चपेट में बुधवार शाम एक भैंस आ गई। दुर्घटना में इंजन के पहिए जाम हो गए जिससे एक घंटे तक लखनऊ रेलखंड बाधित रहा। रूट की हिमगिरी, श्रमजीवी समेत मालगाड़ियों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ।
डुप्लीकेट पंजाब मेल को बुधवार की शाम बंधुआकलां स्टेशन से सुल्तानपुर के लिए रवाना किया गया। यात्री गाड़ी स्थानीय स्टेशन के उत्तरी केबिन से गुजर रही थी। इसी बीच ट्रैक पर भैंस आ गई। दुर्घटना में मृत भैंस इंजन के पहियों में फंस गई। चालक ने ट्रेन रोककर इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक लखनलाल मीना को दी।
स्टेशन अधीक्षक रेल कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। गैंगमैनों की मदद से एक घंटे बाद ट्रैक को खाली कराया जा सका। करीब एक घंटे की देरी से डुप्लीकेट पंजाब मेल को वाराणसी की तरफ रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल को ट्रैक पर घूमने वाले वाहनों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वाराणसी से लखनऊ की तरफ जा रही हिमगिरी, श्रमजीवी एक्सप्रेस समेत मालगाड़ियों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहा।