पख्ररौली में टूटा क्रॉसिंग का बूम।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे स्थित पखरौली रेलवे क्रॉसिंग के पश्चिमी फाटक को बुधवार देर रात बंद करते समय एक बेकाबू ट्रक ने तोड़ दिया। इसके बाद रात से लेकर बृहस्पतिवार दोपहर बूम बनने तक ट्रेनों को कॉशन पर धीमी गति से रवाना किया गया। इसके चलते क्रॉसिंग पर कई जाम लगा।
पखरौली रेलवे क्रॉसिंग गेट संख्या 69 बी के दोनों फाटक को केबिन मैन बुधवार रात करीब 11 बजे मालगाड़ी के सिग्नल होने पर बंद कर रहा था। इसी बीच सुल्तानपुर से वाराणसी की तरफ जा रहे एक बेकाबू ट्रक ने गेट के पश्चिमी बूम को तोड़ दिया। क्रॉसिंग का बूम टूटने से बुधवार को पूरी रात व बृहस्पतिवार को दोपहर तक सुपरफास्ट, एक्सप्रेस, पैसेंजर ट्रेनों के अलावा मालगाड़ी का संचालन कॉशन पर किया गया। मैनुअली गेट बंद होने से क्रॉसिंग पर बार-बार जाम लगता रहा। पखरौली के स्टेशन अधीक्षक एस कुमार ने बताया कि अज्ञात ट्रक की टक्कर से गेट का बूम टूट गया था। बूम के बनने तक ट्रेनों को कॉशन पर रवाना किया गया।