अमेठी। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बुधवार को बुकिंग काउंटर का सर्वर अचानक फेल हो गया। सर्वर फेल होने से तत्काल के साथ आरक्षित टिकटों की बुकिंग का कार्य प्रभावित हुआ। बुकिंग नहीं होने से तत्काल आरक्षित टिकट के साथ दिन में आरक्षित टिकट की चाह में स्टेशन पहुंचे यात्रियों को बैंरग लौटना पड़ा तो विभाग को भी करीब एक लाख रुपये की आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।
गौरीगंज रेलवे स्टेशन के नए भवन में संचालित आरक्षित टिकट बुकिंग काउंटर का सर्वर बुधवार सुबह अचानक फेल हो गया। सर्वर फेल होने से स्टेशन पर मात्र पूरे दिन साधारण टिकटों की ही बुकिंग हुई।
आरक्षण केंद्र पर लगे कंप्यूटर सिस्टम का सर्वर फेल होने से आरक्षण बुकिंग काउंटर से यात्रियों को न आरक्षित टिकट मिला और न ही तत्काल। रात भर स्टेशन पर तत्काल आरक्षित टिकट के साथ दिन में आरक्षित टिकट की चाह में स्टेशन पहुंचे लोगों को टिकट नहीं मिलने से बैरंग वापस लौटना पड़ा।
यात्रियों को अमेठी समेत अन्य रेलवे स्टेशन का चक्कर लगाना पड़ा। सिस्टम खराब होने से रेल महकमे को भी एक दिन में करीब एक से डेढ़ लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार ने आरक्षण काउंटर का सर्वर फेल होने की पुष्टि करते हुए बताया कि सर्वर सही करवाया जा रहा है।