सुल्तानपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में बयान दर्ज कराने के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंचेंगे। अदालत की ओर से उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए 20 फरवरी को आखिरी मौका दिया गया है।
राहुल गांधी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा हाई अलर्ट पर है। बृहस्पतिवार शाम डॉग स्क्वायड टीम ने दीवानी न्यायालय परिसर की तलाशी ली।
जानकारी के अनुसार कर्नाटक में एक प्रेस वार्ता के दौरान राहुल गांधी की ओर से की गई टिप्पणी पर जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा नेता विजय मिश्र ने उनके खिलाफ मानहानि का परिवाद दायर किया था। मामला एमपी-एमएलए कोर्ट में विचाराधीन है। राहुल गांधी 26 जुलाई 2024 को इस प्रकरण में अदालत में पेश हुए थे, लेकिन कई तिथियों पर अनुपस्थित रहे। 19 जनवरी को भी गैरहाजिर रहने पर अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए 20 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का अंतिम अवसर दिया था।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जिले में एंट्री
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने बताया कि राहुल गांधी चार्टर प्लेन से अमौसी एयरपोर्ट उतरेंगे। वहां से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते वह सुल्तानपुर की सीमा में दाखिल होंगे। एक्सप्रेसवे से उतरते ही कूरेभार टोल प्लाजा के पास कांग्रेसी कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। जगह-जगह स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं की टोलियां गठित की गई हैं। शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता दीवानी न्यायालय के बाहर भी तैनात रहेंगे। पूर्व एमएलसी दीपक सिंह के मुताबिक नेता प्रतिपक्ष सुबह करीब 10:50 बजे दीवानी न्यायालय पहुंचेंगे। यहां बयान दर्ज कराने के बाद वह सीधे लखनऊ रवाना हो जाएंगे। कार्यकर्ताओं से अलग से मुलाकात का कोई कार्यक्रम नहीं है।
पुख्ता सुरक्षा, सीमित रहेगा प्रवेश
अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। ड्यूटी पर एक एएसपी, चार सीओ, एक एडीएम, चार मजिस्ट्रेट, सात थानाध्यक्ष, 70 कांस्टेबल और एक कंपनी पीएसी तैनात रहेगी। न्यायालय परिसर में केवल अधिवक्ताओं को ही आने-जाने की अनुमति होगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो सके।