भदैंया के मॉडल प्राइमरी स्कूल भरसारे में परीक्षा देते बच्चे। स्रोत- विद्यालय
कुड़वार/ भदैंया। ब्लॉकों के परिषदीय विद्यालयों में शुक्रवार को प्रथम सत्रीय परीक्षा दो पालियों में कराई गई। पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे और दूसरी पाली सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 बजे तक हुई। प्रथम पाली में कक्षा दो की गणित लिखित और दूसरी पाली में मौखिक, कक्षा तीन के प्रथम पाली में गणित, द्वितीय पाली में हमारा परिवेश, कक्षा चार में प्रथम पाली गणित, द्वितीय पाली में पर्यावरण , कक्षा 5 से 8 तक प्रथम पाली में गणित और द्वितीय पाली में कला संगीत की परीक्षा संपन्न हुई।
कंपोजिट विद्यालय कुड़वार प्रथम के कक्षा छह के छात्र अंश, कक्षा सात के विशाल और कक्षा 8 की छात्रा आराध्या ने बताया कि कला व संगीत के प्रश्न सरल रहे। गणित में थोड़ा कठिन प्रश्न रहा। भदैंया के इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय भरसारे में छात्र-छात्राओं ने गणित विषय की परीक्षा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानाध्यापिका वंदना यादव ने बताया कि इस विद्यालय में कुल 380 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से 378 परीक्षा में शामिल हुए। प्रथम पाली में गणित और द्वितीय
पाली में ईवीएस की परीक्षा हुई। इस दौरान शिक्षिका दीक्षा श्रीवास्तव और सुनील सिंह मौजूद रहे। खंड शिक्षा अधिकारी शिवशंकर मिश्र ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र भदैंया के 12 प्राथमिक, 16 उच्च प्राथमिक और 12 कंपोजिट विद्यालय में परीक्षा हो रही है। स्कूलों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। शिक्षकों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए हैं।